LOADING

Type to search

रफ्तार का कहर: एक बोलेरो ने दो बाइकों को रौंदा, आरएसी हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन की मौत

Rajasthan

रफ्तार का कहर: एक बोलेरो ने दो बाइकों को रौंदा, आरएसी हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन की मौत

Share

पहली टक्कर के बाद भागते चालक ने दूसरी बाइक को भी मारी टक्कर, एक युवक गंभीर; आरोपी चालक फरार


ओबरी, 27 जुलाई (नीलेश दवे):
डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार बोलेरो ने मौत का तांडव मचा दिया। आंतरी के पास पहले एक बाइक को पीछे से टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला और कुछ ही दूरी पर दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। दर्दनाक हादसे में 13वीं आरएसी बटालियन के हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे हेड कॉन्स्टेबल धुलसिंह चौहान (55) ड्यूटी पूरी कर अपने चचेरे भाई महिपाल सिंह (54) के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद चालक बोलेरो लेकर भागने लगा और आगे दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। इस बाइक पर दिनेश रोत (21) और संदीप (29) सवार थे। चारों घायलों को डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने धुलसिंह चौहान और दिनेश रोत को मृत घोषित कर दिया। महिपाल सिंह को उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। संदीप का उपचार जारी है।
धुलसिंह चौहान डूंगरपुर जिला कारागृह में तैनात थे। सोमवार को उनके पैतृक गांव वरदा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया, जहां पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अधूरी रह गईं कई उम्मीदें
धुलसिंह चौहान (55): 13वीं आरएसी बटालियन के हेड कॉन्स्टेबल, डूंगरपुर जिला कारागृह में तैनात।
महिपाल सिंह (54): निजी फैक्ट्री में कार्यरत, चचेरे भाई के साथ घर लौट रहे थे।
दिनेश रोत (21): उदयपुर में डीएमएलटी की पढ़ाई कर रहे थे। किसान परिवार के बड़े बेटे थे और परिवार को उनसे कई उम्मीदें थीं।
संदीप (29): हादसे में गंभीर घायल, डूंगरपुर अस्पताल में उपचार जारी।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *