शादी से एक महीने पहले एचडीएफसी बैंक के सेल्स एग्जीक्यूटिव ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में मैनेजर पर प्रताड़ना का आरोप
Share
दो साल से विजयनगर शाखा में कर रहा था काम, भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
उदयपुर, 18 अक्टूबर: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा कस्बे में एचडीएफसी बैंक के एक सेल्स एग्जीक्यूटिव की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक के पास मिले सुसाइड नोट में बैंक मैनेजर पर काम का अत्यधिक दबाव बनाने और करियर खराब करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मृतक की अगले महीने 20 नवंबर को शादी होने वाली थी। घटना से परिवार में शोक छा गया।
मृतक की पहचान गोविंद खटीक (27) के रूप में हुई है। वह पिछले दो साल से एचडीएफसी बैंक की विजयनगर शाखा में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था। रविवार सुबह उसका शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुसाइड नोट में काम के दबाव का जिक्र
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने काम के बढ़ते दबाव और समय पर लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने पर करियर खराब करने की धमकी मिलने की बात लिखी है। नोट में कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान किए जाने का भी उल्लेख है। मृतक के भाई सुरेश खटीक ने आरोप लगाया कि बैंक की विजयनगर शाखा के मैनेजर धनराज मीणा के दबाव के कारण उसके भाई ने यह कदम उठाया।
भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
गुलाबपुरा थाना पुलिस ने मृतक के भाई सुरेश कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई मदनलाल के अनुसार, पुलिस सुसाइड नोट और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

