उदयपुर में एक घंटे झमाझम बारिश, कई इलाकों में जलभराव
Share
जयसमंद झील का जलस्तर 6 सेमी बढ़ा, मौसम विभाग ने अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
उदयपुर, 25 जुलाई: उदयपुर में रविवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली और करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से शहर तरबतर हो गया। सुबह से छाए घने बादलों के बीच दोपहर 12 से 1 बजे तक तेज वर्षा हुई, जिससे अस्पताल रोड, कलेक्टरी, शास्त्री सर्कल और 100 फीट रोड सहित कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के दौरान लोग जहां-तहां रुककर बचाव करते नजर आए, जबकि कई लोग रेनकोट और छातों के सहारे सफर करते दिखे।
जल संसाधन विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 39 मिमी बारिश दर्ज की गई। जयसमंद झील का जलस्तर बढ़कर 4.04 मीटर पहुंच गया, जो एक दिन पहले 3.98 मीटर था। वहीं नाई क्षेत्र के कैचमेंट में हुई बारिश के बाद सीसारमा नदी के जरिए पिछोला झील में भी पानी की आवक शुरू हो गई है।
मौसम विभाग ने उदयपुर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले तीन दिनों तक कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार हो रही वर्षा से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नांदेश्वर चैनल से सीसारमा नदी में पानी की आवक शुरू
उदयपुर और सलूंबर जिले में लगातार हो रही बारिश से जल स्रोतों में पानी की आवक बढ़ गई है। कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश के बाद नांदेश्वर चैनल से सीसारमा नदी में पानी पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार सुबह उदयपुर शहर में करीब एक घंटे तक तेज और रिमझिम बारिश हुई, जबकि दिनभर अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रहा। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
