होनहार विद्यार्थियों का सम्मान, आलोक में प्रतिभा का अभिनंदन
Share
सीबीएसई 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया, डॉ. प्रदीप कुमावत बोले— श्रेष्ठ नागरिक निर्माण में आलोक की अहम भूमिका
उदयपुर, 17 अप्रैल: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आलोक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 11 के छात्र-छात्राओं का शुक्रवार को आलोक संस्थान के चितमथ सभागार में भव्य अभिनंदन किया गया। 80 एवं 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उपरना ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर उत्साहपूर्वक सराहना की गई।
आलोक संस्थान के निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत ने कहा कि संस्थान के परिणाम केवल अंकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यहां से निकले विद्यार्थी देश-विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईएएस अतिराग चपलोत, आरएएस अभिषेक गोयल, चिकित्सक कपिल कुमावत, सीए यशवंत मंगल सहित अनेक पूर्व छात्र विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर आलोक का नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्राचार्य शशांक टांक, अकादमिक काउंसलर प्रतीक कुमावत एवं उपाचार्य जयपाल सिंह रावत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अंत में सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
