देवास परियोजना की सुरंग निर्माण का जायजा, कार्यों में तेजी के निर्देश
Share
मुख्य अभियंता ने गुणवत्ता, समयसीमा और पुनर्वास पर दिया जोर
उदयपुर, 4 अप्रैल : जल संसाधन विभाग के विशेष निरीक्षण अभियान के तहत मुख्य अभियंता देवी सिंह बेनीवाल ने शनिवार को देवास तृतीय एवं चतुर्थ परियोजनाओं के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान देवास तृतीय बांध से अकोदड़ा बांध तक प्रस्तावित सुरंग निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की गई।
मुख्य अभियंता ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से उदयपुर शहर की दीर्घकालिक पेयजल आवश्यकताओं की पूर्ति होगी। साथ ही पिछोला, स्वरूप सागर और फतहसागर जैसी झीलों का जलस्तर बनाए रखने में भी मदद मिलेगी, जिससे पर्यटन और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
परियोजना के तहत नाथियाथल गांव के पास 703 एमसीएफटी क्षमता का देवास तृतीय बांध और 10.50 किमी लंबी सुरंग का निर्माण किया जाएगा, जो अकोदड़ा बांध से जुड़ेगी। वहीं अंबावा क्षेत्र में 390 एमसीएफटी क्षमता का देवास चतुर्थ बांध और 4.15 किमी लंबी सुरंग बनाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि वन भूमि अनुमोदन मिल चुका है और भूमि अधिग्रहण के तहत मुआवजा वितरण शुरू हो गया है। मुख्य अभियंता ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, सुरक्षा मानकों और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
