LOADING

Type to search

शादियों में चोरी करने वाली इंटरस्टेट गैंग का भंडाफोड़

Local

शादियों में चोरी करने वाली इंटरस्टेट गैंग का भंडाफोड़

Share

उदयपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश से दो शातिर बदमाश दबोचे, 40 लाख के गहने बरामद
उदयपुर, 11 अप्रैल:
उदयपुर पुलिस ने शादियों में गहने और नकदी चुराने वाली इंटरस्टेट गैंग का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश से दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पिछले महीने शहर में एक शादी समारोह से करीब 40 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। एसपी डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़कर चोरी के गहने भी बरामद कर लिए।
रिसेप्शन से बैग पार कर फरार हुए थे बदमाश
11 मार्च 2026 को महाप्रज्ञ विहार स्थित तेरापंथ भवन में एक रिसेप्शन के दौरान बदमाश मेहमान बनकर पहुंचे। दूल्हे के पिता नरेंद्र शर्मा के पास रखे बैग में बहू को देने के जेवरात थे। मौका पाकर बदमाश बैग लेकर फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
एमपी के गांवों तक पहुंची जांच
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गैंग मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कडिया सांसी और गुलखेड़ी गांव से संचालित होती है। पुलिस टीम ने वहां डेरा डालकर लगातार रेकी की और मुखबिर तंत्र विकसित किया। इसके बाद अशोकनगर निवासी विकास (26) और नकुल (24) को गिरफ्तार किया गया।
50 से ज्यादा वारदातें कबूलीं
पूछताछ में आरोपियों ने राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश सहित कई राज्यों में 50 से अधिक चोरी और लूट की वारदातें कबूल की हैं। ये गैंग शादियों में घुसकर जेवरात चोरी करने के अलावा बैंक से नकदी निकालने वालों को भी निशाना बनाती थी।
गिरफ्तारी में भागते समय घायल हुए आरोपी
पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे, लेकिन गिरने से घायल हो गए और टीम ने उन्हें दबोच लिया। दोनों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। नकुल के पिता के खिलाफ भी 16 गंभीर केस दर्ज हैं।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में सुखेर थाना पुलिस और साइबर सेल की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *