जल जीवन मिशन बना मुसीबत
Share
दो माह से पानी नहीं, ग्रामीणों ने खाली बर्तनों के साथ किया प्रदर्शन
डूंगरपुर, 30 मार्च: ग्राम पंचायत हथाई के डोगरा फलां में जल जीवन मिशन योजना ग्रामीणों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गई है। पिछले दो महीने से पानी नहीं मिलने से परेशान महिलाओं ने खाली बर्तनों के साथ पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत नल कनेक्शन तो कर दिए गए, लेकिन अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। वहीं, पुरानी पाइपलाइन को भी तोड़ दिया गया, जिससे पहले मिलने वाला पानी भी बंद हो गया।
ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की है। उनका आरोप है कि पहले भी कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।
