LOADING

Type to search

जूनियर पावरलिफ्टिंग में जयेश और मानसी बने स्ट्रांग चैंपियन

Sports

जूनियर पावरलिफ्टिंग में जयेश और मानसी बने स्ट्रांग चैंपियन

Share

उदयपुर जिला जूनियर एवं सब-जूनियर इक्यूप्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता संपन्न, विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय स्पर्धा में दिखाएंगे दम
उदयपुर, 19 अप्रैल:
जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के तत्वावधान में रविवार को लवकुश इनडोर स्टेडियम में उदयपुर जिला जूनियर एवं सब-जूनियर इक्यूप्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न भार वर्गों में पदक जीते। जूनियर स्ट्रांग मैन का खिताब जयेश कामोया तथा जूनियर स्ट्रांग वुमैन का खिताब मानसी रावत ने अपने नाम किया। वहीं सब-जूनियर स्ट्रांग बॉय रूपेश बरांडा और सब-जूनियर स्ट्रांग गर्ल हंसिका कामोया बनीं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली थे। विशिष्ट अतिथि जिला कराटे संघ के सचिव विक्रम सहगल और वेटलिफ्टिंग कोच धापू लोहार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पावरलिफ्टिंग इंडिया के उपाध्यक्ष विनोद साहू ने की। प्रारंभ में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू एवं पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया।
संघ सचिव विनोद साहू ने बताया कि जूनियर वर्ग के 74 किलोग्राम भार वर्ग में जयेश कामोया ने स्वर्ण पदक और चित्रांश गंचाल ने रजत पदक जीता। 83 किलोग्राम वर्ग में मितांशु सेन स्वर्ण और प्रियांशु सालवी रजत पदक विजेता रहे। महिला वर्ग में 43 किलोग्राम में मानसी रावत तथा 69 किलोग्राम में मीमांसा जोशी ने स्वर्ण पदक जीता।
सब-जूनियर वर्ग में रूपेश बरांडा, दिव्यांश साहू, हंसिका कामोया और माही ने अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए। मास्टर वर्ग में सोहन नलवाया और हितेंद्र राजपुरोहित विजेता रहे।
प्रतियोगिता में विजेता सभी खिलाड़ियों का चयन उदयपुर टीम में किया गया है। चयनित खिलाड़ी 25 से 27 अप्रैल तक बीकानेर में आयोजित 45वीं राजस्थान राज्य जूनियर एवं 23वीं राजस्थान राज्य सब-जूनियर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उदयपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *