LOADING

Type to search

चंबल के बीहड़ में छिपाई थी एक करोड़ की ज्वेलरी

crime

चंबल के बीहड़ में छिपाई थी एक करोड़ की ज्वेलरी

Share

उदयपुर में दो महीने मजदूरी कर की शोरूम की रेकी, 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस पहुंची आरोपियों तक; आगरा से तीन गिरफ्तार
उदयपुर, 9 सितंबर:
उदयपुर के पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम में करीब एक करोड़ रुपए के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। हाथीपोल थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को आगरा के चंबल बीहड़ से गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। आरोपियों ने चोरी का माल बीहड़ में जमीन में करीब तीन फीट गहरा गड्ढा खोदकर छिपा रखा था। पुलिस ने अब तक करीब 60 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं।
दो महीने मजदूरी की, फिर की शोरूम की रेकी
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि वारदात से करीब दो महीने पहले आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद उर्फ कुकड़िया वर्मा उदयपुर में मजदूरी करने आए थे। इसी दौरान उन्होंने नवीन ज्वेलर्स की रेकी की और बाद में अपने साथियों को बुलाकर वारदात की योजना बनाई। 29 जुलाई की रात आरोपी गुमानिया नाले के रास्ते पैदल शोरूम तक पहुंचे और साइड शटर उखाड़कर तथा कांच का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे।
मोबाइल और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से भी रहे दूर
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते थे और ऑनलाइन लेन-देन से भी बचते थे। वे नकद किराया देकर ट्रेन और बस बदलते रहे। पुलिस ने उदयपुर से कोटा, धौलपुर और आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
तीन गिरफ्तार, एक की तलाश
पुलिस ने धनपाल (24), आनंद (26) और गुड्डू (27) को गिरफ्तार किया है। धनपाल पर तीन और आनंद पर दो मामले पहले से दर्ज हैं। फरार मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा की तलाश जारी है। चोरी में 390 ग्राम सोना, 12 किलो चांदी, हीरे के आभूषण और 9.75 लाख रुपए नकद शामिल थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *