खेल मृगा उदयपुर में विकसित कर रही नई खेल संस्कृति
Share
20 हजार से अधिक सदस्य जुड़े, युवाओं और प्रोफेशनल्स को मिल रहा सक्रिय जीवनशैली का मंच
उदयपुर, 11 जून: बदलती जीवनशैली, बढ़ती व्यस्तता और डिजिटल दुनिया के प्रभाव के बीच गुजरात की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स एवं एक्टिव लाइफस्टाइल कम्युनिटी ‘खेल मृगा’ लोगों को फिर से खेलों और फिटनेस से जोड़ने का कार्य कर रही है। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के सहयोग से संस्था उदयपुर में भी तेजी से अपनी पहचान बना रही है।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि खेल मृगा केवल एक स्पोर्ट्स ग्रुप नहीं बल्कि एक कम्युनिटी मूवमेंट है, जिसका उद्देश्य लोगों को खेल, स्वास्थ्य, नेटवर्किंग और व्यक्तित्व विकास से जोड़ना है। संस्था का लक्ष्य दुनिया का सबसे बड़ा एक्टिव लाइफस्टाइल कम्युनिटी इकोसिस्टम तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में खेल मृगा से 20 हजार से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं, जबकि हर माह 4200 से अधिक खिलाड़ी 10 से ज्यादा खेलों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। इसकी विशेषता यह है कि करीब 87 प्रतिशत सदस्य वर्किंग प्रोफेशनल्स हैं, जो व्यस्त जीवनशैली के बावजूद खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए हुए हैं।
उदयपुर में संस्था द्वारा नियमित खेल गतिविधियां, फिटनेस कार्यक्रम, कम्युनिटी स्पोर्ट्स सेशन, लीग और टूर्नामेंट आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें युवा, व्यवसायी, विद्यार्थी, उद्यमी और नौकरीपेशा वर्ग उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
मुकेश माधवानी ने बताया कि खेल मृगा का उद्देश्य केवल खेल खिलाना नहीं, बल्कि लोगों को ऐसा सकारात्मक वातावरण देना है जहां वे नए मित्र बना सकें, तनाव से दूर रह सकें, शारीरिक रूप से फिट रहें और जीवन में संतुलन स्थापित कर सकें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और निष्क्रिय जीवनशैली से मुकाबला करने के लिए खेल सबसे प्रभावी माध्यमों में से एक हैं। इसी सोच के साथ खेल मृगा ‘अब सब खेलेंगे’ के संकल्प को आगे बढ़ा रही है और देश की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स कम्युनिटी बनने की दिशा में कार्य कर रही है।
संस्था आने वाले समय में उदयपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं, फिटनेस गतिविधियों, इंटरैक्टिव सत्रों और बड़े सामुदायिक आयोजनों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की योजना पर काम कर रही है।
