15 हजार की रिश्वत लेते भू-अभिलेख निरीक्षक गिरफ्तार
Share
एसीबी ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथ पकड़ा, तहसीलदार की भूमिका भी संदेह के घेरे में
उदयपुर, 30 मार्च: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वल्लभनगर तहसील कार्यालय में पदस्थ भू-अभिलेख निरीक्षक देवेंद्र सिंह राणावत को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी परिवादी से जमीन के रिकॉर्ड में सुधार (शुद्धिकरण) करवाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार, शिकायत 13 फरवरी को मिली थी, जिसमें बताया गया कि परिवादी की कृषि भूमि गलत श्रेणी में दर्ज हो गई थी। इसे सही कराने के एवज में आरोपी ने रिश्वत की मांग की। सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने शुद्धिकरण आदेश तहसीलदार से करवाने का हवाला देकर रिश्वत मांगी थी। इससे तहसीलदार की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।
फिलहाल एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है।
