LOADING

Type to search

घर पर शराब की बोतलें फेंकी, फिर हिस्ट्रीशीटर ने की फायरिंग

crime

घर पर शराब की बोतलें फेंकी, फिर हिस्ट्रीशीटर ने की फायरिंग

Share

सीसीटीवी में साथी के साथ पिस्टल लेकर पहुंचता दिखा आरोपी; पांच दिन में फायरिंग की चार वारदातों से बढ़ी पुलिस की चिंता
उदयपुर, 4 सितंबर:
उदयपुर में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। अंबामाता थाना क्षेत्र के गांधी नगर में गुरुवार रात आपसी रंजिश के चलते एक घर पर फायरिंग का मामला सामने आया। हिस्ट्रीशीटर बड़ा मेवाती अपने साथी के साथ बाइक पर पहुंचा और अरबाज नाम के युवक के घर के बाहर शराब की दो बोतलें फेंकने के बाद पिस्टल से फायर कर दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी नजर आ रहा है। वारदात के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए।
दहशत फैलाने के लिए की फायरिंग
अंबामाता थानाधिकारी हुकम सिंह के अनुसार बड़ा मेवाती और अरबाज के बीच पहले से रंजिश चल रही है। दोनों के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
पांच दिन में चार फायरिंग से सवाल
उदयपुर में पांच दिन के भीतर फायरिंग की चार वारदात सामने आ चुकी हैं। 30 अगस्त को सवीना क्षेत्र की बरकत कॉलोनी कट पर हिस्ट्रीशीटरों की गैंगवार में एक हिस्ट्रीशीटर घायल हुआ था। 1 सितंबर को हाथीपोल क्षेत्र में रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर इरफान खान पर फायरिंग हुई, जिसमें उसके हाथ में दो गोलियां लगीं। इसी दिन डबोक क्षेत्र में विवाहिता के अपहरण के लिए पहुंचे बदमाशों ने दहशत फैलाने को फायरिंग की और घर में तोड़फोड़ की। लगातार घटनाओं से पुलिस की सक्रियता और बदमाशों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बाल काटकर निर्वस्त्र घुमाने के मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार

आदिवासी महिला से बर्बरता के बाद पुलिस की कार्रवाई, पति समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ
बांसवाड़ा, 4 सितंबर :
बांसवाड़ा में आदिवासी महिला के बाल काटकर उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटना 1 सितंबर की शाम की है। महिला पर पड़ोसी गांव के एक युवक के साथ चले जाने का आरोप लगाते हुए पति और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। आरोप है कि पहले उसे नंगे पैर सड़क पर चलाया गया और बाद में उसके बाल काट दिए गए। इसके बाद भीड़ में मौजूद महिलाओं ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसे निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सामने आया।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में पति और परिवार की अन्य महिलाओं सहित 10 लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने मामले में पति समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गढ़ी डीएसपी बाबूलाल के अनुसार महिला करीब 10 दिन पहले एक युवक के साथ गई थी। परिजन उसे युवक के घर से वापस लेकर आए थे। महिला का कहना है कि वह युवक के साथ मजदूरी करने गई थी। पुलिस घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *