एनडीपीएस कार्रवाई में पुलिस की बड़ी सफलता, 17 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त
Share
पिछले साल के मुकाबले बढ़ी कार्रवाई, एसपी ने तस्करों को दी सख्त चेतावनी
उदयपुर, 13 सितम्बर: उदयपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए इस बार करीब 17 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पिछले वर्ष करीब 12 करोड़ 90 लाख रुपए के मादक पदार्थ बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए थे। इस बार जब्ती का आंकड़ा बढ़कर करीब 17 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
एसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उदयपुरवासियों से अपील की कि वे निश्चिंत रहें। पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे मुस्तैद है और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। एसपी ने अपराधियों को चेतावनी दी कि वे मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य अपराधों से दूर रहें। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

