चाकू के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार
Share
इंस्टाग्राम पर हथियार लहराते हुए वीडियो किया था पोस्ट, खौफ फैलाने का आरोप
बांसवाड़ा, 01 जून: सोशल मीडिया पर धारदार चाकू के साथ रील बनाकर अपलोड करने वाले 19 वर्षीय युवक को आनंदपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराते हुए वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जानकारी मिली, जिसमें एक युवक थापड़ा पुल पर खड़े होकर धारदार चाकू लहराते हुए रील बनाता दिखाई दे रहा था। वीडियो की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से हुई पहचान
पुलिस की तकनीकी टीम ने वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर युवक की पहचान मुकेश पुत्र काऊड़ा चरपोटा (19) निवासी गमीरपुरा कालिया, थाना आनंदपुरी के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
खौफ पैदा करने का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी ने लोकप्रियता हासिल करने और लोगों में डर का माहौल बनाने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थान पर हथियार के साथ वीडियो बनाया था। थानाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और इस प्रकार की गतिविधियां कानूनन अपराध हैं तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।
