LOADING

Type to search

दिल के दोनों चैम्बरों में फैला विशाल ट्यूमर निकाला

Health

दिल के दोनों चैम्बरों में फैला विशाल ट्यूमर निकाला

Share

आरएनटी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने रचा इतिहास, 6 घंटे चली जटिल हार्ट सर्जरी
उदयपुर, 11 मई:
उदयपुर के रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज (आरएनटी) में डॉक्टरों की टीम ने एक बेहद जटिल और जोखिमपूर्ण हार्ट सर्जरी को सफल बनाकर नई मिसाल पेश की है। चित्तौड़गढ़ के 55 वर्षीय मरीज के दिल में फैले विशाल ट्यूमर को करीब 6 घंटे चली सर्जरी के बाद सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया। डॉक्टरों के अनुसार यह ट्यूमर दिल के दोनों ऊपरी चैम्बरों में फैल चुका था और मरीज की जिंदगी पर गंभीर खतरा बन गया था।
सांस लेने में तकलीफ, हार्ट फेलियर तक पहुंची हालत
मरीज को लंबे समय से सांस लेने में परेशानी हो रही थी। जांच में सामने आया कि ट्यूमर दिल के बाएं एट्रियम, माइट्रल वाल्व और दोनों एट्रियम के बीच की दीवार से जुड़ा हुआ था। इसके कारण मरीज को हार्ट फेलियर और पल्मोनरी हाइपरटेंशन जैसी गंभीर समस्याएं हो गई थीं।
40 प्रतिशत तक था मौत का खतरा
कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विनय नैथानी ने मरीज और परिजनों को बताया कि ऑपरेशन बेहद जोखिमपूर्ण है और इसमें 30 से 40 प्रतिशत तक मौत की आशंका है। इसके बावजूद परिवार ने हिम्मत दिखाई और सर्जरी के लिए सहमति दी।
ओपन हार्ट सर्जरी से बचाई जिंदगी
डॉ. विनय नैथानी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने ओपन हार्ट सर्जरी करते हुए ट्यूमर को एक ही हिस्से में बाहर निकाला। सर्जरी के दौरान दिल की दीवारें बेहद पतली होने से ऑपरेशन और चुनौतीपूर्ण हो गया, लेकिन टीम ने सफलतापूर्वक मरम्मत भी की।
अब खतरे से बाहर मरीज
सर्जरी के बाद मरीज को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। बाद में उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया और अब वह सामान्य भोजन ले रहा है। ऑपरेशन में एनेस्थीसिया टीम, नर्सिंग स्टाफ और परफ्यूजनिस्ट की भूमिका भी अहम रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *