मीटिंग में आम का जिक्र और लंदन से पहुंचा तोहफा, उदयपुर की बेटी की पोस्ट वायरल
Share
उदयपुर, 14 अप्रैल: उदयपुर की एक युवा प्रोफेशनल की साधारण-सी बात ने सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाली कहानी का रूप ले लिया। मुद्रिका कावड़िया की एक पोस्ट इन दिनों तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उन्होंने अपने बॉस के एक छोटे लेकिन भावनात्मक gesture को साझा किया है। यह कहानी सिर्फ आम भेजने की नहीं, बल्कि संवेदनशील लीडरशिप और मानवीय रिश्तों की मिसाल बन गई है।
दरअसल, कंपनी की एक मीटिंग के दौरान मुद्रिका ने सहजता से कहा कि इस सीजन में अच्छे आम नहीं मिल रहे और वह अपनी 80 वर्षीय दादी कृष्णा कावड़िया के साथ आम को काफी मिस कर रही हैं। यह बात उनके लंदन में बैठे बॉस के दिल को छू गई। कुछ ही दिनों में उनके उदयपुर स्थित घर पर आम की दो पेटियां पहुंच गईं।
मुद्रिका इस सरप्राइज से हैरान रह गईं। उन्होंने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया, जहां उनके करीब 40 हजार फॉलोअर्स ने इसे खूब सराहा। “बॉस हो तो ऐसा” जैसे कमेंट्स के साथ पोस्ट पर लाइक्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
पेशे से एसीसीए प्रोफेशनल मुद्रिका पेंटिंग की शौकीन भी हैं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय रहती हैं। उनकी मां सुषमा कावड़िया भी एक जानी-मानी चित्रकार हैं।
