टीनशेड के नीचे चला रखा था मिनी पेट्रोल पंप, 7 हजार लीटर पेट्रोलियम जब्त
Share
चित्तौड़गढ़ में रसद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो आरोपियों पर मामला दर्ज
चित्तौड़गढ़, 13 जून: चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में एनएच-48 स्थित रोड जी का खेड़ा इलाके में रसद विभाग और पुलिस ने अवैध पेट्रोलियम कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। आनंद प्लाजा होटल के पास टीनशेड से ढके परिसर में संचालित अवैध मिनी पेट्रोल पंप पर कार्रवाई करते हुए करीब 7 हजार लीटर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया।
प्रवर्तन निरीक्षक विजय थालोड़ के अनुसार परिसर में बने भूमिगत टैंक से 2500 से 3000 लीटर तथा मौके पर खड़े ट्रक के विशेष टैंक से 3500 से 4000 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि भूमिगत टैंक डिस्पेंसिंग यूनिट, नोजल और पाइप से जुड़ा था, जिससे ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल बेचा जा रहा था। मौके से मोटर, पाइप, ट्रक और पेट्रोलियम पदार्थ जब्त कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि परिसर अभिषेक गुर्जर को किराये पर दिया गया था, जबकि ट्रक कालूराम अहीर के नाम पंजीकृत है। दोनों आरोपी कार्रवाई के समय मौके पर नहीं मिले। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम भंडारण और बिक्री के लिए कोई वैध अनुमति या दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
आवश्यक वस्तु अधिनियम और पेट्रोलियम वितरण नियमों के उल्लंघन के आरोप में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
