विधायक ताराचंद जैन ने किया शुभारम्भ, शहर में 41 हजार से अधिक बच्चों ने पी पोलियो की खुराक
Share
उदयपुर में पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ, दो दिन घर-घर जाकर वंचित बच्चों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
उदयपुर, 28 जून: जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो के तीन दिवसीय अभियान का रविवार को जिला स्तरीय शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोपालपुरा में हुआ। विधायक ताराचंद जैन ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की और अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने पहले दिन अधिकतम बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है, जबकि जो बच्चे किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें अगले दो दिनों में घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, डब्ल्यूएचओ और नर्सिंग विद्यार्थियों की संयुक्त टीमों को मैदान में उतारा गया है।
शुभारंभ कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह, आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. अक्षय व्यास, डीपीसी डॉ. मोहन सिंह धाकड़, शहर प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि जिले के सभी बूथों, चिकित्सा संस्थानों, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। वहीं सीएमएचओ डॉ. ओमप्रकाश रायपुरिया ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विशेष टीमें लगातार अभियान का संचालन कर रही हैं। डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. अक्षय व्यास ने बताया कि ट्रांजिट और मोबाइल टीमों को कच्ची बस्तियों, ईंट-भट्टों तथा दुर्गम क्षेत्रों में भेजा गया है, जिससे कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि सभी टीमों को माइक्रो प्लान उपलब्ध कराए गए हैं तथा निगरानी के लिए सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। शहर प्रभारी डॉ. कैलाश शर्मा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में नर्सिंग महाविद्यालयों के प्रशिक्षित विद्यार्थियों का भी सहयोग लिया जा रहा है, जो घर-घर जाकर सर्वे और टीकाकरण अभियान में भागीदारी निभाएंगे। शहर में 41 हजार से अधिक बच्चों ने पी पोलियो की खुराक पी।
