LOADING

Type to search

चित्तौड़गढ़ जेल में रेत में दबा मिला मोबाइल फोन, मामला दर्ज

crime

चित्तौड़गढ़ जेल में रेत में दबा मिला मोबाइल फोन, मामला दर्ज

Share

अचानक हुई सघन तलाशी में वार्ड-बी की बैरक नंबर-8 के पास मिला फोन; कपड़े, अखबार और पॉलीथिन में लपेटकर छिपाया था
चित्तौड़गढ़, 11 सितंबर:
चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह में अचानक हुई सघन तलाशी के दौरान रेत में दबाकर छिपाया गया मोबाइल फोन मिलने का मामला सामने आया है। मोबाइल वार्ड-बी की बैरक नंबर-8 के पास दीवार और शौचालयों के बीच बने रास्ते में रेत के नीचे दबा मिला। जेल प्रशासन ने मोबाइल जब्त कर कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर पुलिस ने राजस्थान कारागार अधिनियम-2015 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल प्रहरी वेदराम चौधरी की रिपोर्ट के अनुसार 9 सितंबर को दोपहर 2.10 से 3.30 बजे तक कारापाल प्रबंधक की मौजूदगी में जेल की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान ड्यूटी और ऑफ ड्यूटी स्टाफ भी शामिल रहा। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वार्ड-बी की बैरक नंबर-8 के पास बड़े काले गेट के नजदीक रेत की खुदाई की गई। यहां गुलाबी कपड़े, अखबार और पीली पॉलीथिन में लिपटा काले रंग का केचोडा कंपनी का मोबाइल मिला।
मोबाइल के साथ बैटरी थी, लेकिन सिम कार्ड नहीं था। फोन टूटा हुआ था और उसका आईएमईआई नंबर भी नहीं मिला। जेल प्रहरियों सुरेश चंद मीणा और रोहताश ने मोबाइल को मौके पर ही जब्त किया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
इसके बाद मोबाइल और जब्ती संबंधी रिपोर्ट कोतवाली थाने भेजी गई। पुलिस ने जेल प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक सत्यनारायण को सौंपी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित मोबाइल जेल परिसर के अंदर कैसे पहुंचा और उसे रेत में किसने छिपाया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *