सांसद डॉ. रावत की संवेदनशीलता ने बचाई जिंदगी
Share
मानवीयता : हादसे में घायल हो गया था ट्रक चालक, केबिन में फंसा हुआ था
उदयपुर, 23 जून: बांसवाड़ा-प्रतापगढ़ दौरे पर निकले सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मंगलवार को मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक सड़क दुर्घटना में घायल चालक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घाटोल-प्रतापगढ़ मार्ग पर आमलीघाटी के पास दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में एक चालक केबिन में फंस गया था। मौके से गुजर रहे सांसद ने अपना कार्यक्रम छोड़कर राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस और क्रेन बुलवाकर कराया रेस्क्यू
सांसद ने अपने वाहन और सुरक्षाकर्मियों को भेजकर पुलिस को बुलवाया तथा तत्काल क्रेन मंगवाई। उन्होंने राहगीरों की मदद से चालक को निकालने के प्रयास शुरू करवाए और केबिन काटने की व्यवस्था भी कराई। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर घाटोल अस्पताल पहुंचाया गया।
पहले भी निभा चुके हैं मानवता का फर्ज
राहगीरों ने सांसद की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभाते हुए घायल की जान बचाने को प्राथमिकता दी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी डॉ. रावत सड़क दुर्घटना में घायल युवक को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाकर मदद कर चुके हैं।
