रेल मंत्री से मिले सांसद मन्नालाल रावत, मेवाड़ के लिए रखीं नई रेल परियोजनाओं सहित कई अहम मांगें
Share
वंदे भारत को सूरत तक बढ़ाने, नई रेल लाइनों, ट्रैक दोहरीकरण और बंद ट्रेनों के पुनः संचालन का उठाया मुद्दा
नई दिल्ली/उदयपुर, 5 अगस्त: उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बुधवार को संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर मेवाड़ और वागड़ क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। सांसद ने उदयपुर-असरवा वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार सूरत तक करने, दक्षिण भारत के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित करने तथा बंद एवं सीमित अवधि वाली ट्रेनों के संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की। रेल मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक और गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
सांसद ने उदयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने और उसका मार्ग अहमदाबाद होकर करने, आगरा-असरवा एक्सप्रेस को पुनः शुरू करने, अजमेर-काठगोदाम (रानीखेत एक्सप्रेस) तथा गुजरात मेल का विस्तार उदयपुर तक करने की मांग रखी। इसके अलावा चित्तौड़गढ़-डैबारी रेल लाइन के दोहरीकरण, उदयपुर-फलौसिया, उदयपुर-सिरोही रोड और उदयपुर-धरियावद-प्रतापगढ़ नई रेल लाइनों के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। सांसद ने उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन क्षेत्र के विकास, एकलिंगपुरा अंडरपास के सुदृढ़ीकरण तथा रेलवे स्टेशन परिसर की 17,500 वर्गमीटर भूमि को 99 वर्ष की लीज पर देने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए इसे रोकने की भी मांग की।
वंदे भारत सूरत तक बढ़ी तो व्यापार और यात्रियों को होगा बड़ा फायदा
सांसद ने रेल मंत्री को बताया कि उदयपुर-असरवा वंदे भारत ट्रेन वर्तमान में असरवा स्टेशन पर करीब सात घंटे तक खड़ी रहती है। यदि इसका विस्तार सूरत तक किया जाता है तो ट्रेन का बेहतर उपयोग होगा और मेवाड़-वागड़ क्षेत्र के व्यापारियों, उद्योगपतियों, छात्रों तथा आम यात्रियों को गुजरात के प्रमुख औद्योगिक शहर से सीधी और तेज रेल सुविधा मिल सकेगी। साथ ही दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए भी बेहतर रेल कनेक्टिविटी का रास्ता खुलेगा।

