110 किमी ट्रेकिंग कर एमपीयूएटी की कैडेट्स ने बढ़ाया मान
Share
मनाली के राष्ट्रीय माउंटेन एडवेंचर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन, 10 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंच दिखाया साहस
उदयपुर, 6 अगस्त: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी) की एनसीसी कैडेट्स खुशी नागदा और वैशाली मीणा ने हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित राष्ट्रीय माउंटेन एडवेंचर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। दोनों कैडेट्स ने 110 किलोमीटर की कठिन ट्रेकिंग पूरी करने के साथ 10 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।
राजस्थान कृषि महाविद्यालय की बीएससी कृषि तृतीय वर्ष की छात्रा खुशी नागदा और चतुर्थ वर्ष की छात्रा वैशाली मीणा ने 27 जुलाई से 8 अगस्त तक अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली द्वारा आयोजित शिविर में भाग लिया। शिविर के दौरान उन्होंने रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, रिवर क्रॉसिंग, ट्रेकिंग, कैंपिंग, माउंटेन रेस्क्यू, सामाजिक जागरूकता और नेतृत्व विकास जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह, अधिष्ठाता डॉ. लोकेश गुप्ता और छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने दोनों कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करती है। एनसीसी के केयर टेकर ऑफिसर राम नारायण कुम्हार ने बताया कि एमपीयूएटी की 6 राज एयर स्क्वाड्रन एनसीसी यूनिट लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय की पहचान मजबूत कर रही है।

