LOADING

Type to search

1500 किलोमीटर पीछा कर हत्या के आरोपी को दबोचा

crime

1500 किलोमीटर पीछा कर हत्या के आरोपी को दबोचा

Share

सूरजपोल थाना पुलिस की बड़ी सफलता, आजमगढ़ से गिरफ्तार कर उदयपुर लाई टीम
उदयपुर, 10 सितंबर:
सूरजपोल थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार आरोपी को करीब 1500 किलोमीटर पीछा कर उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थाना अधिकारी सूरजपोल सूर्यभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 2 सितंबर 2026 को एमबी हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में उपचाराधीन हनुमान पुत्र उमाकांत तिवारी निवासी धर्मपुर पट्टी, आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) ने पर्चा बयान दिया था कि वह आर्मी कैंट में साफ-सफाई का काम करता था। 30 अगस्त की रात उसके साथ काम करने वाले हरिनाथ यादव ने विवाद के बाद जान से मारने की नीयत से उसके पेट पर चाकू से हमला कर दिया था। इस संबंध में धारा 109(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। उपचार के दौरान 7 सितंबर को हनुमान की मौत होने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस 2023 (हत्या) जोड़ी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। वारदात के बाद आरोपी हरिनाथ यादव उदयपुर से फरार होकर उत्तर प्रदेश चला गया था और पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आजमगढ़ में आरोपी के संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां लगातार दबिश दी। करीब 1500 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी हरिनाथ यादव पुत्र रामराज यादव, उम्र 48 वर्ष, निवासी कटोही, थाना अतरौलिया, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ कर मामले में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *