नाथद्वारा का ‘SETU’ मॉडल बनेगा पूरे राजस्थान की पहचान
Share
डिजिटल इमरजेंसी हेल्थकेयर सिस्टम को राज्यभर में लागू करने की तैयारी, विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने जताया गर्व
नाथद्वारा, 22 जुलाई: नाथद्वारा जिला अस्पताल में शुरू की गई ‘सेतु डिजिटल इमरजेंसी हेल्थकेयर सॉफ्टवेयर (SETU)’ पहल अब पूरे राजस्थान के लिए मॉडल बनने जा रही है। आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर द्वारा विकसित इस डिजिटल रेफरल सिस्टम की राज्य स्तर पर सराहना हुई है और इसे प्रदेशभर में लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंस में SETU सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली प्रस्तुत की गई, जिसकी मुख्य सचिव ने सराहना करते हुए इसे राजस्थान के सभी अस्पतालों में लागू करने के निर्देश दिए।
नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से मरीजों को समय पर उचित अस्पताल तक पहुंचाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
विधायक ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों को इस अभिनव तकनीक के विकास के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि SETU के राज्यव्यापी विस्तार से प्रदेश के लाखों मरीजों को पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण रेफरल सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा राजस्थान की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
