उदयपुर से शुरू होगा नया टूरिज्म सर्किट, 10 राज्यों के ट्रैवल एजेंट करेंगे मेवाड़-हाड़ौती का भ्रमण
Share
उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी और कोटा को जोड़कर तैयार होगा नया पर्यटन मार्ग, स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
उदयपुर, 27 जुलाई: राजस्थान पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में उदयपुर से एक नए टूरिज्म सर्किट की शुरुआत होने जा रही है। 2 से 8 अगस्त तक आयोजित सात दिवसीय फेम टूर में देश के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 40 से अधिक प्रमुख ट्रैवल एजेंट मेवाड़ और हाड़ौती के ऐतिहासिक व प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस पहल का उद्देश्य उदयपुर, चित्तौड़गढ़, बूंदी और कोटा को एकीकृत पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को राजस्थान का नया अनुभव उपलब्ध कराना है।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान उदयपुर डिवीजन, होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान, इंडिया आउटा बॉक्स और कलर्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेम टूर की शुरुआत 2 अगस्त को उदयपुर से होगी और समापन 8 अगस्त को कोटा में होगा। ट्रैवल एजेंट तीन दिन उदयपुर, एक दिन चित्तौड़गढ़ और तीन दिन बूंदी-कोटा में बिताकर पर्यटन संभावनाओं का अध्ययन करेंगे।
आयोजकों का मानना है कि इससे स्थानीय होटल उद्योग, हैंडीक्राफ्ट, ट्रांसपोर्ट और खान-पान के व्यवसाय को नया बाजार मिलेगा। साथ ही कॉर्पोरेट बुकिंग और ग्रुप टूरिज्म में भी तेजी आएगी। ट्रैवल एजेंट क्षेत्र के होटलों, रिसॉर्ट्स और आतिथ्य सेवाओं का भी अनुभव करेंगे ताकि भविष्य के टूर पैकेजों में इस सर्किट को शामिल किया जा सके।
