LOADING

Type to search

इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर नर्सिंग ऑफिसर को पीटा

crime

इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर नर्सिंग ऑफिसर को पीटा

Share

ऋषभदेव सीएचसी में चार युवकों पर मारपीट का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना; बीच-बचाव करने आए साथी नर्सिंग ऑफिसर से भी मारपीट
उदयपुर, 10 सितंबर:
ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार रात एक्सीडेंट में घायल दो युवकों के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर उनके साथ आए चार युवकों ने नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने नर्सिंग ऑफिसर को लात-घूंसों से पीटा, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई। मारपीट की पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पीड़ित नर्सिंग ऑफिसर पुष्पेंद्र डामोर ने घटना को लेकर बुधवार रात ही ऋषभदेव थाने में मुकदमा दर्ज कराया। रिपोर्ट के अनुसार हाईवे पर हुए हादसे में राकेश पुत्र हीरालाल और लालूराम पुत्र जगदीश घायल हुए थे। दोनों को उपचार के लिए ऋषभदेव सीएचसी लाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया।
पुष्पेंद्र डामोर के अनुसार कुछ देर बाद घायलों से मिलने चार युवक अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग स्टाफ से गाली-गलौज शुरू कर दी। समझाइश का प्रयास करने के बावजूद वे नहीं माने और पुष्पेंद्र डामोर तथा उनके साथी नर्सिंग ऑफिसर रामकृष्ण डोडा के साथ मारपीट करने लगे।
पुलिस के पहुंचने तक पकड़े रखा
हंगामा बढ़ने पर डॉ. जयेश कलाल थाने की ओर गए और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान अस्पताल स्टाफ ने आरोपियों को पकड़कर रखा। आरोपियों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद चारों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज में युवकों द्वारा नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *