खुला नाला बना हादसों का निमंत्रण, उदयपुर विकास प्राधिकरण बेखबर
Share
उदयपुर, 17 मई: शहर के मीरा नगर 2-बी ब्लॉक, मीरा नगर आर-2 क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से अधिक समय से क्षतिग्रस्त एवं खुला पड़ा बड़ा नाला प्रशासनिक उदासीनता का उदाहरण बन गया है। क्षेत्रवासियों द्वारा अनेक बार शिकायतें करने के बावजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। यह खुला नाला अब किसी बड़े हादसे का इंतजार करता दिखाई दे रहा है।
एकीकृत प्रदेश मीडिया प्रभारी राव गोपाल सिंह आसोलिया ने बताया कि उक्त स्थान के समीप श्री हनुमान जी एवं भगवान शिव मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन की आवाजाही रहती है। साथ ही आसपास पशुओं का आवागमन भी निरंतर बना रहता है। ऐसी स्थिति में खुले नाले के कारण किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया, शिकायतें दर्ज करवाईं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते स्थिति जस की तस बनी हुई है। खुले नाले के आसपास गंदगी के ढेर भी जमा हो रहे हैं, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे हैं।
राव गोपाल सिंह आसोलिया ने प्रशासन एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र नाले के निर्माण, उसे ढकने तथा आसपास फैली गंदगी हटाने की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके।
