7 हजार से अधिक धावक दौड़ेंगे उदयपुर की सड़कों पर, जिंक फिनिशर मेडल बनेगा आकर्षण
Share
वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन का तीसरा संस्करण 6 सितंबर को, 3.5 लाख रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि
उदयपुर, 2 सितंबर: झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर देश-विदेश के धावकों की मेजबानी के लिए तैयार है। हिंदुस्तान जिंक की ओर से आयोजित वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण के लिए अब तक 7 हजार से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। 6 सितंबर को होने वाली यह एआईएमएस प्रमाणित मैराथन उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता, खेल भावना और फिटनेस संस्कृति को देश-दुनिया के सामने पेश करेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयोजकों ने इस वर्ष विशेष रूप से तैयार किए गए जिंक फिनिशर मेडल का अनावरण किया। हिंदुस्तान जिंक की खदानों से प्रेरित यह मेडल धावकों के धैर्य, समर्पण और दृढ़ता का प्रतीक होगा। विभिन्न श्रेणियों में 3.5 लाख रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
मैराथन में 21.097 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन शामिल हैं। इसमें पेशेवर धावकों के साथ शौकिया रनर्स, फिटनेस प्रेमी, परिवार, कॉर्पोरेट टीम और पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी भी शामिल होंगे।
फतहसागर और अरावली की खूबसूरती के बीच दौड़
मैराथन का रूट उदयपुर की पहचान माने जाने वाले फतहसागर झील, अरावली पर्वतमाला और शहर की ऐतिहासिक विरासत से होकर गुजरता है। यही वजह है कि इस आयोजन को ‘इंडियाज मोस्ट ब्यूटीफुल मैराथन’ के रूप में पहचान मिली है। पिछले संस्करण में 27 राज्यों और कई देशों से करीब 7 हजार धावकों ने हिस्सा लिया था।
आयोजकों के अनुसार मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिटनेस, सामाजिक जागरूकता और खेल पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। आयोजन से होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
4 और 5 सितंबर को होगा फील्ड क्लब में एक्सपो
प्रतिभागियों के लिए विव एक्सपो फील्ड क्लब, जिंक सिटी उदयपुर में आयोजित किया जाएगा। 4 सितंबर को दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक तथा 5 सितंबर को सुबह 10 से शाम 7 बजे तक प्रतिभागी अपनी दौड़ से संबंधित औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। मुख्य मैराथन 6 सितंबर को आयोजित होगी।

