उदयपुर स्थापना दिवस पर महाराणा उदयसिंह प्रतिमा का पंचगव्य अभिषेक आज
Share
लोकजन सेवा संस्थान करेगा पुष्पांजलि कार्यक्रम, नगर निगम की अनदेखी पर जताई नाराजगी
उदयपुर, 19 अप्रैल: उदयपुर स्थापना दिवस के अवसर पर लोकजन सेवा संस्थान की ओर से सोमवार, 20 अप्रैल को प्रातः 8 बजे उदियापोल स्थित महाराणा उदयसिंह की आदमकद प्रतिमा पर पंचगव्य अभिषेक एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक संस्थापक महाराणा उदयसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में कुलगुरु कर्नल एस.एस. सारंगदेवोत, पूर्व कुलपति उमाशंकर शर्मा, जगदीश राज श्रीमाली, उदयपुर नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से उदयपुर नगर की स्थापना करने वाले महाराणा उदयसिंह के योगदान को स्मरण किया जाएगा।
संस्थान के महासचिव जयकिशन चौबे ने बताया कि पूर्व में उदयपुर नगर निगम के आर्थिक सहयोग से स्थापना दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक संध्या एवं कवि सम्मेलन जैसे आयोजन किए जाते थे, लेकिन इस बार ऐसे कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अब तक पारितोषिक राशि नहीं दी गई है, जिससे प्रतिभागियों में निराशा है।
पूर्व सूचना के बावजूद किसी ने नहीं ली सुध

संस्थान पदाधिकारियों ने नगर निगम की उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उदयपुर स्थापना दिवस जैसे ऐतिहासिक अवसर पर प्रशासन को अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम की सूचना चार दिन पूर्व देने के बावजूद प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई और व्यवस्था की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। लोकजन सेवा संस्थान ने इसे उदयपुर की ऐतिहासिक विरासत के प्रति उपेक्षा बताते हुए कहा कि स्थापना दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शहर की गौरवशाली परंपरा के सम्मान का अवसर है। संस्था ने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
