LOADING

Type to search

4.33 करोड़ से बनेगा रेलवे अंडरपास, कई कॉलोनियों को मिलेगी सीधी राह

Local

4.33 करोड़ से बनेगा रेलवे अंडरपास, कई कॉलोनियों को मिलेगी सीधी राह

Share

छोटी नोखा-बड़ी नोखा परियोजना से हजारों लोगों की आवाजाही होगी आसान, वर्षों पुरानी मांग पूरी
उदयपुर, 19 अप्रैल
: शहर के छोटी नोखा-बड़ी नोखा क्षेत्र में लंबे समय से अंडरपास की मांग कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने 4.33 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले रेलवे अंडरपास का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र की कई कॉलोनियां सीधे आपस में जुड़ जाएंगी और लोगों को एक इलाके से दूसरे इलाके तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही आसान होगी।
क्षेत्रवासियों की ओर से लगातार मांग की जा रही थी कि पानेरियों की मादड़ी, टेकरी और आसपास के इलाकों को जोड़ने के लिए रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाया जाए। रेलवे लाइन के कारण लोगों को कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी। स्थानीय नागरिकों ने यह समस्या विधायक ताराचंद जैन के सामने रखी थी।
विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे और उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) के अधिकारियों के साथ बैठक की। आपसी सहमति के बाद अंडरपास निर्माण को मंजूरी दी गई और अब परियोजना का कार्य शुरू हो गया है। निर्माण पर कुल 4.33 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बजट यूडीए की ओर से स्वीकृत किया गया है, जबकि निर्माण रेलवे विभाग करवाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक जैन ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में बजट कोई बाधा नहीं बनेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उदयपुर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और आगे भी विकास की कई योजनाएं लाई जाएंगी।
अंडरपास बनने के बाद नोखा गांव, न्यू शिवनगर, महावीर नगर, पानेरियो की मादड़ी, टेकरी, बैरवा बस्ती, कुम्हारों का भट्टा और एमबी कॉलेज क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी नंदलाल डांगी ने की, जबकि मंडी अध्यक्ष कन्हैया वैष्णव, अरविंद जारोली, देवकिशन मेनारिया और किरण झगड़ावत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *