LOADING

Type to search

आरएएस टॉपर्स देंगे सफलता के मंत्र, 1 नवंबर को विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह

Uncategorized

आरएएस टॉपर्स देंगे सफलता के मंत्र, 1 नवंबर को विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह

Share

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान और प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए निःशुल्क मार्गदर्शन
पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर तक
उदयपुर, 28 अक्टूबर।
विप्र फाउंडेशन जिला शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ तथा सहस्र औदिच्य समाज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 1 नवंबर को विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह एवं निःशुल्क आरएएस परीक्षा मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक सहस्र औदिच्य समाज की नवी धर्मशाला, सी.ए. सर्किल, सेक्टर-14 में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ युवाओं को राजस्थान की उच्च प्रशासनिक सेवाओं में चयन के लिए प्रेरित करना और उन्हें अनुभवी विशेषज्ञों से मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम की तैयारियों एवं सफल आयोजन की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए मेहता चैंबर में प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विप्र फाउंडेशन शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य डॉ. एच. आर. दवे ने की। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों को आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विभिन्न कार्यों के दायित्व सौंपे।
प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव गणेश नागदा ने संपूर्ण कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए आयोजन की तैयारियों और विद्यार्थियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने संबंधी गतिविधियों की रूपरेखा साझा की। बैठक में प्रणय जानी को विप्र फाउंडेशन प्रकोष्ठ एवं सहस्र औदिच्य समाज के बीच समन्वय स्थापित करने का दायित्व सौंपा गया, ताकि दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से कार्यक्रम को व्यापक सहभागिता के साथ सफल बनाया जा सके।
सेमिनार में आरएएस परीक्षा में सफल टॉपर्स, अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों एवं प्रतियोगी परीक्षा विशेषज्ञों द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा रणनीति, पाठ्यक्रम की समझ, प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन तथा प्रभावी अध्ययन पद्धति के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सुनियोजित तैयारी के माध्यम से प्रशासनिक सेवाओं में चयन के लिए प्रेरित करना है।
समारोह में वर्ष 2026 में कक्षा 12वीं, सीए, सीएस, नीट, आईआईटी स्नातक अथवा उच्च स्तर की डिग्री/डिप्लोमा परीक्षाओं में 65 से 85 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों के प्रतिभा सम्मान हेतु पंजीकरण आमंत्रित किए गए हैं। इसके साथ ही आरएएस परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी निःशुल्क मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। आयोजकों ने पात्र विद्यार्थियों एवं आरएएस अभ्यर्थियों से समय पर पंजीकरण कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। बैठक में नीरज नागदा, दिनेश शुक्ला सहित प्रकोष्ठ के अन्य पदाधिकारियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। अंत में राजेश पालीवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *