राष्ट्र चेतना संकल्प सभा आज, उदयपुर पहुंचे सरसंघचालक मोहन भागवत
Share
महाराणा प्रताप जयंती व हल्दीघाटी विजय के 450वें वर्ष पर भव्य आयोजन, 30 हजार लोगों के जुटने का अनुमान
उदयपुर, 16 जून : वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत बुधवार को महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा आयोजित होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मंगलवार शाम उदयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ पहुंचने पर उनका पारंपरिक स्वागत किया गया।

महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर प्रताप गौरव केन्द्र में स्थापित 57 फीट ऊंची महाराणा प्रताप की बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया गया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने कहा कि महाराणा प्रताप राष्ट्र प्रथम के संकल्प के प्रतीक थे और उनका जीवन मातृभूमि एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि बुधवार सुबह 9.30 बजे शुरू होने वाली सभा में सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम में जगद्गुरु निम्बार्काचार्य श्याम शरण देवाचार्य, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा सहित संत एवं विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार समारोह में 25 से 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। आगंतुकों के लिए दो लाख वर्गफुट क्षेत्र में विशाल डोम, 20 हजार से अधिक कुर्सियां, पंखे, मिस्ट सिस्टम, चिकित्सा सुविधाएं और विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले आगंतुकों के लिए 25 हजार भोजन पैकेट भी तैयार किए गए हैं।
महाराणा प्रताप जयंती और हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रताप गौरव केन्द्र को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। वहीं हल्दीघाटी की माटी से महाराणा प्रताप और डॉ. मोहनराव भागवत की विशेष तस्वीर भी तैयार की जा रही है। आयोजन स्थल पर हल्दीघाटी युद्ध विजय प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
