मेवाड़ी परंपरा से हुआ ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत
Share
सिटी पैलेस की ऐतिहासिक विरासत से अभिभूत हुए विदेशी मेहमान; पिछोला में नौका विहार का लिया आनंद
उदयपुर, 8 अगस्त: भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की ओर से ब्रिक्स देशों के प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के वरिष्ठ अधिकारियों का सम्मेलन उदयपुर के ताज फतेह प्रकाश पैलेस में आयोजित हुआ। सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के करीब 15 प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। उदयपुर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी अवलोकन किया।
महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संचालित सिटी पैलेस संग्रहालय में प्रतिनिधिमंडल का मेवाड़ी परंपरा और राजस्थानी आतिथ्य के अनुरूप स्वागत किया गया। फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि विदेशी मेहमानों ने संग्रहालय की ऐतिहासिक गैलरियों, कलात्मक धरोहरों और राजसी विरासत से जुड़े स्थलों का भ्रमण किया।
सदियों पुरानी मेवाड़ की स्थापत्य कला और संग्रहालय में संरक्षित धरोहरों को देखकर प्रतिनिधि अभिभूत नजर आए। उन्होंने संग्रहालय के संरक्षण और प्रस्तुतीकरण की भी सराहना की।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने पिछोला झील में नौका विहार किया और झील के मध्य स्थित ऐतिहासिक जगमंदिर का भ्रमण किया। अरावली की पहाड़ियों, झील और उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता ने विदेशी मेहमानों को खासा प्रभावित किया। प्रतिनिधियों ने उदयपुर की सांस्कृतिक समृद्धि और आतिथ्य अनुभव को यादगार बताया।

