महिला की मौत पर साहू समाज का प्रदर्शन, 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग
Share
तीतरड़ी में ट्रक की चपेट में आने से हुई थी महिला की मौत; कलेक्ट्रेट पहुंचे समाजजन, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
उदयपुर, 6 अक्टूबर: शहर के तीतरड़ी इलाके में ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के परिजनों और साहू समाज में घटना को लेकर आक्रोश है। मंगलवार को बड़ी संख्या में समाजजन जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और मृतका के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इससे पहले सोमवार को महाराणा प्रताप अस्पताल की मोर्चरी के बाहर भी परिजनों और समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। विरोध को देखते हुए अस्पताल परिसर और मोर्चरी के बाहर पुलिस जाप्ता तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को समझाइश का प्रयास किया गया, लेकिन वे मांगों पर अड़े रहे।
मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचने के दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन से मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी देने की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 50 लाख रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग स्वीकार नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हादसे के बाद ट्रक में लगा दी थी आग
सोमवार को तीतरड़ी क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला ट्रक की चपेट में आ गई थी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। समझाइश के बाद शव को महाराणा प्रताप अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
फिलहाल मृतका के परिजन और साहू समाज अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

