सज्जनगढ़ लॉयन सफारी में अब अकेला रह गया ‘सम्राट’: साढ़े 5 साल की शेरनी ‘सुनैना’ की मौत के बाद सफारी पर संकट
Share
16 फरवरी को दो शेरों से शुरू हुई थी लॉयन सफारी, सात महीने में एक की मौत; अब अकेले ‘सम्राट’ के भरोसे पर्यटन आकर्षण
उदयपुर, 24 अगस्त: सज्जनगढ़ लॉयन सफारी में साढ़े 5 साल की एशियाटिक शेरनी ‘सुनैना’ की मौत के बाद अब सफारी में केवल एक ही शेर ‘सम्राट’ रह गया है। करीब सात महीने पहले 16 फरवरी को दो एशियाटिक शेरों—‘सम्राट’ और ‘सुनैना’—की मौजूदगी के साथ शुरू हुई लॉयन सफारी अब एक शेर तक सिमट गई है। ऐसे में सुनैना की मौत ने न केवल वन्यजीव प्रेमियों को झटका दिया है, बल्कि सफारी के भविष्य और आकर्षण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुनैना पिछले करीब तीन महीने से बीमार थी। 24 मई से पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। जुलाई से अगस्त के बीच उसकी सेहत में सुधार भी देखा गया और वह नियमित रूप से पूरा भोजन ले रही थी। लेकिन 21 अगस्त को उसने भोजन कम कर दिया और इसके बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। रविवार दोपहर अचानक हालत गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई।
मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमॉर्टम
मौत के बाद तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम किया। बोर्ड में डॉ. शैलेन्द्र शुक्ला, डॉ. महेन्द्र मेहता और डॉ. हिमांशु व्यास शामिल रहे। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार शाम करीब 6 बजे जैविक उद्यान परिसर स्थित श्मशान स्थल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुनैना की अंत्येष्टि की गई। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
सात महीने में सफारी का आधा कुनबा खत्म
सज्जनगढ़ लॉयन सफारी की शुरुआत 16 फरवरी को दो शेरों के साथ हुई थी। सफारी शुरू होने के महज सात महीने बाद एक शेरनी की मौत से अब पूरा आकर्षण एकमात्र नर शेर ‘सम्राट’ पर निर्भर हो गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सफारी में जल्द नए शेर लाए जाएंगे या फिलहाल ‘सम्राट’ के ही भरोसे इसका संचालन जारी रहेगा।

