LOADING

Type to search

स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, दो शिक्षक गंभीर घायल

Rajasthan

स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, दो शिक्षक गंभीर घायल

Share

ऑफिस में काम के दौरान हुआ हादसा, सिर, गर्दन, कंधे और पैर में चोटें; हायर सेंटर रेफर
डूंगरपुर, 16 जुलाई:
जिले के सरकारी प्राथमिक विद्यालय मारगिया महूड़ा में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूल कार्यालय की जर्जर छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे कार्यालय में बैठकर शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य कर रहे दो शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ ने तत्काल मलबा हटाकर दोनों शिक्षकों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई। हादसे में शिक्षिका शिल्पा कुमारी रोत के पैर और कंधे, जबकि शिक्षक राजकुमार बुनकर के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पीईईओ प्रभारी सुमेर सिंह राठौड़ और प्रवेश जैन मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को आंतरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
हादसे के बाद स्कूल भवन की जर्जर हालत को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में गहरी चिंता है। उन्होंने शिक्षा विभाग से पूरे भवन का तकनीकी निरीक्षण कराकर कमजोर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *