आवासीय जमीन पर चल रही थीं दुकानें, यूडीए ने 12 प्रतिष्ठान किए सील
Share
यूनिवर्सिटी रोड और 100 फीट रोड पर कार्रवाई, सड़क पर अतिक्रमण और रोजाना जाम की मिल रही थी शिकायत
उदयपुर, 20 अगस्त: उदयपुर में आवासीय जमीन पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना दुकानदारों को भारी पड़ा। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बुधवार को यूनिवर्सिटी रोड और 100 फीट रोड पर कार्रवाई करते हुए करीब 12 दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। यूडीए के अनुसार इन दुकानों के कारण मुख्य सड़क पर लगातार जाम की समस्या सामने आ रही थी।
यूडीए ने सबसे पहले यूनिवर्सिटी रोड की ओर दया नाश्ता एवं फास्ट फूड सेंटर सहित आसपास की दुकानों पर कार्रवाई की। इसके बाद 100 फीट रोड की अंदरूनी तरफ स्थित दुकानों को भी सील किया गया। एक दुकान बंद मिलने पर दुकानदार को बुलाया गया, लेकिन उसके नहीं पहुंचने पर जालीदार गेट के बाहर से ही सील कर दिया गया।
यूडीए कमिश्नर अभिषेक खन्ना ने बताया कि आवासीय भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। सड़क सीमा में अतिक्रमण नहीं करने और रास्ता बाधित नहीं करने की समझाइश भी दी गई थी।
दुकानों के बाहर वाहन खड़े होने से लगता था जाम
दया नाश्ता सेंटर सहित अन्य दुकानों के बाहर ग्राहक सड़क सीमा में वाहन खड़े कर देते थे। इससे यूनिवर्सिटी रोड और 100 फीट रोड पर यातायात प्रभावित होता था।

