स्मार्ट मीटर कर्मियों का वेतन अटका, ठेका कंपनी प्रबंधन पर फरार होने का आरोप
Share
85 कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 30 लाख रुपए बकाया होने का दावा
उदयपुर, 2 जून: उदयपुर में स्मार्ट मीटर लगाने वाले करीब 85 कर्मचारियों ने ठेका कंपनी के प्रबंधन पर वेतन भुगतान किए बिना फरार होने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक का वेतन नहीं मिला, जबकि वे लगातार स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य में लगे रहे। मामले को लेकर कर्मचारियों ने माकपा जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
कर्मचारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर परियोजना का ठेका जीनस कंपनी को मिला था, जिसने कार्य दीप इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा। कंपनी ने नवंबर 2025 में युवाओं की भर्ती कर उन्हें नियमित वेतन और भविष्य निधि (पीएफ) का लाभ देने का आश्वासन दिया था। प्रारंभिक महीनों में भुगतान हुआ, लेकिन बाद में वेतन में देरी शुरू हो गई। कर्मचारियों का आरोप है कि वेतन से पीएफ की कटौती तो की गई, लेकिन खाते की जानकारी नहीं दी गई।
16 हजार मीटर लगाए, फिर बंद हुआ कार्यालय
कर्मचारियों का दावा है कि उन्होंने उदयपुर में लगभग 16 हजार स्मार्ट मीटर लगाए। 10 मई के बाद कंपनी का माछला मगरा स्थित कार्यालय बंद हो गया और प्रबंधन से संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। कर्मचारियों ने करीब 30 लाख रुपए बकाया होने का दावा किया है। जिला कलेक्टर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई तथा बकाया वेतन दिलाने का आश्वासन दिया है।
