पुलिस चेकिंग देख रोडवेज बस से कूदकर भागा तस्कर, 3.41 किलो डोडाचूरा बरामद
Share
प्रतापगढ़, 18 जून: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पारसोला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 410 ग्राम अवैध डोडाचूरा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोडवेज बस से उतरकर पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
पारसोला थानाधिकारी राकेश कटारा के नेतृत्व में थाना परिसर के सामने नाकाबंदी के दौरान मुगांणा की ओर से आ रही रोडवेज बस को जांच के लिए रोका गया। इसी दौरान एक व्यक्ति पीले रंग का कट्टा लेकर बस से उतरकर भागने लगा। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रभुलाल उर्फ दयाराम थोरी (49) निवासी क्षेत्र बताया। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें 3 किलो 410 ग्राम अवैध आधा कुचला अफीम डोडाचूरा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
