तेज रफ्तार कार ने 3 बाइकों को मारी टक्कर
Share
बेकाबू होकर पेड़ से भिड़ी कार, ड्राइवर बोला- पैर के नीचे आ गई थी पानी की बोतल
उदयपुर, 28 मई: उदयपुर के हिरण मगरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। सेक्टर-4 रोड पर बुधवार को एक बेकाबू कार ने सर्विस रोड किनारे खड़ी तीन बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। घटना का सीसीटीवी वीडियो गुरुवार को सामने आया, जिसमें कार तेज गति से बाइकों को उड़ाते हुए दिखाई दे रही है।
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन तीनों बाइक और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर हिरण मगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक प्रवीण कुमार लोहार निवासी थाणा सराड़ा को डिटेन कर कार जब्त कर ली।
थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण ने बताया कि पूछताछ में चालक ने कहा कि ड्राइविंग के दौरान उसके पैर के नीचे प्लास्टिक की पानी की बोतल आ गई थी, जिससे एक्सीलेटर पर नियंत्रण बिगड़ गया। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों में राजीनामा होने और लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।
