तेज रफ्तार डंपर ने महिला को कुचला, हालत गंभीर
Share
टिफिन देने जा रही मां बनी हादसे का शिकार, एंबुलेंस देरी पर भड़के लोग
उदयपुर, 7 अप्रैल: शहर के फतहपुरा चौराहे पर मंगलवार को तेज रफ्तार और नियमों की अनदेखी ने एक महिला को जिंदगी और मौत के बीच पहुंचा दिया। बेटे को टिफिन देने जा रही 58 वर्षीय भावना देवी को नो-एंट्री क्षेत्र में घुसे एक डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे उसका पैर बुरी तरह कुचल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को टक्कर मारी और आगे का टायर उसके पैर के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद महिला सड़क पर दर्द से तड़पती रही। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन एंबुलेंस करीब आधे घंटे की देरी से पहुंची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
राहगीरों की मदद से महिला को एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डंपर को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए शहर में नो-एंट्री नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।
