मानसून में सरकारी स्कूलों की सुरक्षा पर सख्ती
Share
जर्जर भवनों में पढ़ाई पर रोक, रोजाना निरीक्षण के बाद ही विद्यार्थियों को मिलेगा प्रवेश?
उदयपुर, 24 जुलाई: मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समग्र शिक्षा उदयपुर ने जिले के सभी राजकीय विद्यालयों के लिए विस्तृत सुरक्षा गाइडलाइन जारी की है। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कुंज बिहारी भारद्वाज ने सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जर्जर और असुरक्षित भवनों में किसी भी स्थिति में शिक्षण कार्य नहीं कराया जाए। प्रत्येक विद्यालय में संस्था प्रधान प्रतिदिन भवन का निरीक्षण करेंगे और पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार असुरक्षित कक्षों और भवनों को लाल रिबन व बैरिकेड्स लगाकर पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा तथा वहां चेतावनी संबंधी सूचना भी लगाई जाएगी। विद्यालयों की छतों, नालियों और जल निकासी व्यवस्था की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, बिजली के ढीले या टूटे तारों और स्विच बोर्डों की तत्काल मरम्मत कराने तथा सीलन होने पर मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालयों में आवश्यक अभिलेखों को सुरक्षित स्थान पर रखने, कबाड़ फर्नीचर हटाने और परिसर में स्थित कुओं, बावड़ियों, बोरिंग, टंकियों व अन्य संभावित खतरनाक स्थानों को सुरक्षित करने के भी आदेश जारी किए गए हैं। समग्र शिक्षा ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संस्था प्रधानों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा।
