मोहर्रम पर रजा कॉलोनी मस्जिद में दस दिवसीय शोहदाए कर्बला कार्यक्रम शुरू
Share
इमाम हुसैन की याद में होगी तकरीरें, अमन-चैन और खुशहाली की दुआ
उदयपुर, 16 जून: मुस्लिम समाज के नए साल हिजरी सन 1448 के मोहर्रम का चांद दिखाई देने के साथ ही शहर में धार्मिक आयोजनों का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में मल्लातलाई स्थित रजा कॉलोनी मस्जिद में शबाबे अहले सुन्नत ग्रुप एवं हुसैनी कमेटी के तत्वावधान में दस दिवसीय शोहदाए कर्बला कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के तहत इस्लाम के पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में विशेष तकरीरों का आयोजन किया जाएगा। मस्जिद में आयोजित कार्यक्रम में इमाम मुहम्मद इश्हाक अकबरी दस दिनों तक कर्बला की कुर्बानियों और इस्लामी शिक्षाओं पर प्रकाश डालेंगे।
शबाबे अहले सुन्नत ग्रुप के सदस्य अब्दुल अजीज सिंधी ने बताया कि इस्लामिक नववर्ष के अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों में परचम कुशाई (झंडारोहण) कर नए साल का स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद पेश की तथा देश-प्रदेश में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं कीं।
कार्यक्रम में शबाबे अहले सुन्नत ग्रुप के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। आयोजकों ने मोहर्रम के दौरान अधिकाधिक लोगों से कार्यक्रम में भाग लेकर कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।
