LOADING

Type to search

सीएम बोले- हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ

political

सीएम बोले- हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ

Share

उदयपुर-राजसमंद को ₹2,500 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास
उदयपुर में 2,100 करोड़ और राजसमंद में 491 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, मंत्री बाबूलाल खराड़ी की जुबान फिसली तो बोले- “मैं कम पढ़ा-लिखा हूं”


उदयपुर/राजसमंद, 2 अगस्त:
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को उदयपुर और राजसमंद दौरे के दौरान प्रदेश में भर्ती, विकास और महिला सुरक्षा को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उदयपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में आयोजित करीब 400 प्रतियोगी परीक्षाओं में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब तक 1.78 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं, जबकि ढाई वर्ष में 3.80 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 9 ग्रीन एक्सप्रेस-वे विकसित किए जा रहे हैं तथा उदयपुर में करीब 2,100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि 400 केवी बिजली स्टेशन बनने से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और मजबूत होगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने सहकारिता क्षेत्र में सदस्यता को लेकर भी पूर्व सरकार पर आरोप लगाए।
मंत्री की जुबान फिसली, मुस्कुराकर बोले- ‘कम पढ़ा-लिखा हूं’
कार्यक्रम के दौरान जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विकास कार्यों की राशि 421 करोड़ रुपये की जगह 121 करोड़ रुपये बता दी। उपस्थित लोगों के टोकने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैं कम पढ़ा-लिखा हूं… गड़बड़ हो जाती है।” उनका यह बयान कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा।
‘नारी शक्ति रैली’ को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत आरसीए परिसर से भव्य ‘नारी शक्ति रैली’ को हरी झंडी दिखाई। रैली में लगभग 800 महिलाओं, महिला पुलिसकर्मियों, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, टूरिस्ट पुलिस, अश्वारोही दल, एनएसएस स्वयंसेविकाओं और विभिन्न संस्थाओं की झांकियों ने भाग लिया। रैली ने शहर में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया।
बीड़ा गांव में रात्रि चौपाल, डेयरी और खेल मैदान की घोषणा
इससे पहले झाड़ोल तहसील के बीड़ा गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से योजनाओं का फीडबैक लिया। महिलाओं की मांग पर गांव में सरस डेयरी केंद्र, खेल मैदान के लिए राशि तथा नाली निर्माण की घोषणा की। उन्होंने गांवों में आपसी विवाद पंचायत स्तर पर ही सुलझाने की अपील भी की।
राजसमंद को 491 करोड़ की सौगात
राजसमंद में मुख्यमंत्री ने 491 करोड़ रुपये के 347 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 369 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 266 कार्यों का लोकार्पण तथा 122 करोड़ रुपये की लागत के 81 नए कार्यों का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि और चेक भी वितरित किए।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *