जनजातीय कलारूपों से रूबरू हो रहे आमजन
Share
सूचना केंद्र में ‘स्टेट लेवल ट्राइबल चित्रकला एवं कला प्रदर्शनी’ का शुभारंभ
आबकारी आयुक्त मेहता और समाजसेवी कैलाश मानव ने किया उद्घाटन
उदयपुर, 14 अक्टूबर: माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरआई) की ओर से बुधवार को यहां सूचना केंद्र में ‘स्टेट लेवल ट्राईबल चित्रकला एवं कला प्रदर्शनी’ का शुभारंभ हुआ। यह प्रदर्शनी आमजन के लिए 14 से 16 अक्टूबर तक सुबह 9 से शाम 8 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन आबकारी आयुक्त नमित मेहता एवं समाजसेवी कैलाश मानव नेकिया। इस अवसर पर कलाविद दिनेश कोठारी उपस्थित थे।
टीआरआई निदेशक ओपी जैन ने बताया कि कार्यशाला में चुनिंदा कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। मांडणा और अन्य पारंपरिक कलाकृतियां आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रही है। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जनजातीय कलाकारों की कलाकृतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
प्रदर्शनी को तकनीकी रूप से सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के लिए तीन अनुभवी कलाकारों-प्रवीण बरंडा, जगदीश सालवी और उदयलाल सुथार की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। ये तीनों विशेषज्ञ कलाकार कलाकृतियों के प्रदर्शन की रूपरेखा, स्थापना और तकनीकी सहयोग से जुड़े कार्य संभालने के साथ ही आगंतुकों को कलाकृतियों की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं।

