LOADING

Type to search

संभाग में बाड़ाबंदी की सियासत

political

संभाग में बाड़ाबंदी की सियासत

Share

सलूंबर में प्रत्याशी अज्ञात ठिकाने रवाना, सागवाड़ा में कांग्रेस माउंट आबू तो भाजपा उदयपुर पहुंची; आमेट में मंदिर में भजन-कीर्तन
उदयपुर, 12 सितंबर:
मतदान खत्म होते ही उदयपुर संभाग में निकाय चुनाव की सियासत का दूसरा दौर शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस ने संभावित जोड़तोड़ और बोर्ड गठन में अपने-अपने पार्षद प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ाबंदी शुरू कर दी है। सलूंबर, सागवाड़ा और आमेट में मतदान के तुरंत बाद प्रत्याशियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
सलूंबर नगर परिषद के 25 वार्डों में 11 सितंबर को मतदान समाप्त होते ही भाजपा ने अपने प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लव-कुश स्कूल में जुटाया। यहां सामूहिक भोजन के बाद सभी 25 वार्डों के प्रत्याशियों से वार्डवार चुनावी फीडबैक लिया गया। इसके बाद प्रत्याशियों को बस से अज्ञात स्थान के लिए रवाना कर दिया गया। देर रात कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों को हेल्थ पॉइंट पर एकत्र कर सामूहिक भोजन कराया और बस से सुरक्षित स्थान पर भेज दिया।
सागवाड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों में मतदान के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ने बाड़ाबंदी की। कांग्रेस प्रत्याशियों को माउंट आबू के रिसॉर्ट में भेजे जाने की सूचना है, जबकि भाजपा प्रत्याशियों को उदयपुर की ओर ले जाया गया। दोनों दलों के सामने बोर्ड गठन के लिए बहुमत जुटाने की चुनौती है। भाजपा-कांग्रेस के अलावा बीएपी, बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुकाबले को बहुकोणीय बनाया है।
राजसमंद जिले के आमेट में भी मतदान के बाद भाजपा प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी की गई। प्रत्याशियों का मंदिर में भजन-कीर्तन करते वीडियो सामने आया है। मतदान के बाद उन्हें विधायक कार्यालय बुलाकर वाहनों से सुरक्षित स्थान पर भेजे जाने की जानकारी है। 25 वार्डों वाली नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का गणित परिणाम के बाद महत्वपूर्ण होगा।
संभाग से लगे बांसवाड़ा में भाजपा ने 60 पार्षद प्रत्याशियों को गुजरात के सारंगपुर बालाजी धाम भेजा है। वहीं सांचौर में भाजपा के 35 प्रत्याशियों को गुजरात के रिसॉर्ट और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीयों को सिरोही की ओर भेजे जाने की जानकारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *