450 साल बाद गूंजेगी हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा
Share
झांकियों, नाटिकाओं और ऐतिहासिक प्रस्तुतियों से सजेगा विजयोत्सव
चित्तौड़गढ़, 11 जून: हल्दीघाटी युद्ध की 450वीं वर्षगांठ पर 14 जून को चित्तौड़गढ़ के इंदिरा गांधी स्टेडियम में भव्य ‘हल्दीघाटी विजयोत्सव’ आयोजित किया जाएगा। गौरव तीर्थ प्रन्यास की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मेवाड़ के इतिहास और शौर्य को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर मेवाड़ की सात ऐतिहासिक पोलों की झांकियां तथा महाराणा प्रताप, जयमल-कल्ला, पत्ता स्मारक और विजय स्तंभ की प्रतिकृतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इतिहासविद् राजवीर चलकोई हल्दीघाटी युद्ध के कम चर्चित पहलुओं पर प्रकाश डालेंगे।
कार्यक्रम में चंदन बलिदान, हाड़ी रानी, जौहर, ऊंटाला दुर्ग विजय और मीरां बाई जैसे प्रसंगों पर आधारित लघु नाटिकाएं भी प्रस्तुत होंगी। साथ ही मेवाड़ गौरवगाथा प्रश्नोत्तरी के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ना और मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा से परिचित कराना है। अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम खुले मैदान में आयोजित किया जा रहा है।
