नगर निगम के घेराव से गरमाई सियासत, कांग्रेस ने भाजपा बोर्ड पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
Share
विकास कार्यों में घोटालों का दावा, चुनाव टालने को लेकर सरकार पर साधा निशाना
उदयपुर, 7 मई: उदयपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम परिसर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा बोर्ड पर विकास कार्यों के नाम पर घोटाले करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हार के डर से निकाय चुनाव जानबूझकर टाल रही है।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले धरने और प्रदर्शन में कांग्रेस के निवर्तमान पार्षद, पूर्व पार्षद और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान निगम प्रशासन और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
शहर की बदहाली को बनाया मुद्दा
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उदयपुर शहर मूलभूत सुविधाओं के संकट से जूझ रहा है। सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नए वार्डों के साथ-साथ पुराने शहर की गलियों में भी गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। सीवरेज व्यवस्था बिगड़ने से नालियां जाम हैं और सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन नगरी उदयपुर की यह स्थिति शहर की छवि को नुकसान पहुंचा रही है और यहां आने वाले पर्यटकों को भी अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है।
आयड़ सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट पर सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आयड़ नदी के सौंदर्यीकरण कार्यों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि विकास के नाम पर केवल घोषणाएं की जा रही हैं, जबकि जमीन पर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल है।
शहर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर भी नाराजगी जताई गई। नेताओं ने कहा कि रात के समय कई क्षेत्रों में अंधेरा रहता है, जिससे आमजन को परेशानी और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
धरने के दौरान 272 प्लॉट घोटाले का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले की जांच को जानबूझकर आगे नहीं बढ़ाया जा रहा और प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास हो रहा है।
चुनाव टालने पर सरकार को घेरा
शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि भाजपा बोर्ड नगर निगम संचालन में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता बदबू, गंदगी और अव्यवस्थाओं के बीच जीवन जीने को मजबूर है।
राठौड़ ने सवाल उठाया कि यदि सरकार अपने कामकाज को लेकर आश्वस्त है तो निकाय चुनाव समय पर क्यों नहीं करवा रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन में पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, पंकज शर्मा, दरियाव सिंह चुंडावत और जगदीशराज श्रीमाली सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। साथ ही युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी भागीदारी निभाई।
