सूने मकान में लाखों की चोरी, किरायेदारों को कमरे में किया बंद
Share
उदयपुर गया था परिवार, खिड़की का एंगल काटकर घर में घुसे बदमाश
चित्तौड़गढ़, 15 मई: शहर की महाराणा प्रताप कॉलोनी में गुरुवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक का परिवार एक दिन के लिए उदयपुर गया हुआ था। शुक्रवार सुबह लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
सदर थाना पुलिस के अनुसार चोर खिड़की का लोहे का एंगल काटकर घर में दाखिल हुए। मकान मालिक निर्मल शर्मा वड़ोदरा में मार्बल व्यवसाय करते हैं, जबकि उनकी पत्नी इंदुबाला शर्मा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। परिवार के अनुसार बदमाश करीब 13-14 तोला सोना, तीन किलो चांदी, 50 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने किरायेदार नरेंद्र तंबोली और ऊपर रहने वाली एक न्यायिक कर्मचारी को बाहर से कमरे में बंद कर दिया। इतना ही नहीं, किरायेदार की पेंट की जेब से भी 10 हजार रुपए निकाल लिए।
पुलिस ने मौके पर एमओबी टीम और डॉग स्क्वॉड बुलाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले घर की रेकी की थी।
