ठोकर और शोभागपुरा चौराहे होंगे चौड़े, जाम से मिलेगी राहत
Share
विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, दीपावली से पहले काम शुरू करने के निर्देश
उदयपुर, 11 अक्टूबर: शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ठोकर चौराहे तथा यूनिवर्सिटी रोड से शोभागपुरा जाने वाले मार्ग को चौड़ा करने की तैयारी की गई है। विधायक ताराचंद जैन ने रविवार को यूडीए और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ दोनों स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दीपावली से पहले काम शुरू करने के निर्देश दिए। योजना के तहत अतिक्रमण हटाने, बिजली के ट्रांसफार्मर और टावर शिफ्ट करने तथा सड़क किनारे की बाधाएं दूर करने की कार्रवाई की जाएगी।
ठोकर चौराहे पर 15 फीट तक बढ़ेगी चौड़ाई
निरीक्षण के दौरान विधायक ने यूडीए के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा और वरिष्ठ अभियंता नीरज माथुर को आवश्यक कार्यवाही जल्द पूरी करने को कहा। प्रतापनगर से सूरजपोल मार्ग के बीच स्थित बिजली ट्रांसफार्मर को पीछे शिफ्ट किया जा चुका है। इससे ठोकर चौराहे पर करीब 15 फीट अतिरिक्त चौड़ाई मिलने की संभावना है। भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ मार्ग से आने वाली बसों के लिए अलग लेन बनाने तथा यात्रियों के लिए छोटा बस स्टॉप तैयार करने की योजना है।
सूरजपोल से आयड़ जाने वाले मार्ग पर नई लेन बनाने के लिए यूडीए ने वन विभाग की खाली जमीन प्राप्त की है। रास्ते में बाधा बन रहे दो मकानों को नोटिस देकर हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। रेलवे ग्राउंड के पास निर्माणाधीन भवन की भी जांच कराई जाएगी। सरकारी जमीन पर कब्जा मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
शोभागपुरा मार्ग पर भी हटेंगी बाधाएं
यूनिवर्सिटी रोड से शोभागपुरा जाने वाले मार्ग पर सड़क से ऊंचे नाले को समतल करने की योजना है, ताकि पार्किंग की व्यवस्था बेहतर हो सके। नाले पर दुकानों के बाहर बनी अवैध सीढ़ियां हटाई जाएंगी। हाल ही में सीज की गई दुकानों का सीमांकन भी किया जाएगा। इससे चौराहे पर करीब 10 फीट अतिरिक्त चौड़ाई मिलने की संभावना है।
सड़क के बीच आ रहे बिजली के टावर और ट्रांसफार्मर किनारे शिफ्ट किए जाएंगे, जिससे सड़क को आठ फीट तक और चौड़ा किया जा सकेगा। आनंद प्लाजा के पास मुख्य मार्ग पर बने मकान की जांच होगी। यातायात सुगम बनाने के लिए सिटी बस स्टॉप को पुरानी जगह पर शिफ्ट करने की योजना भी है।
निरीक्षण में ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता पंकज बोराना, नरेश वैष्णव, डॉ. कविता जोशी, नानालाल वया, जितेंद्र मारू, अरविंद जारोली, वंदना प्रजापत और लोकेश जोशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

